कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में शुक्रवार को ई-टेंडरिंग के माध्यम से 15 जोनों के लिए 68 शराब की दुकानें अलॉट की गईं। आबकारी विभाग की दृष्टि से जिले को 18 जोनों में बांटा गया है लेकिन शुक्रवार को केवल 15 जोनों के लिए ई-टेंडरिंग के माध्यम से शराब दुकानें अलॉट की गईं। इनसे सरकार को 107 करोड़ 12 लाख 92 हजार 231 रुपये की आमदनी होगी। मौके पर इनकी पांच प्रतिशत की राशि जमा करवाई गई। जोन नंबर 10, 12 और 16 के लिए किसी ने भी बोली नहीं लगाई।
डीसी प्रदीप दहिया की उपस्थिति में ई-टेंडरिंग के माध्यम से बोली की शुरुआत की गई। जोन नंबर-एक में सुरेश कुमार नैन ने सबसे अधिक बोली लगाकर नए बस स्टैंड कैथल जोन क्षेत्र की दुकानें प्राप्त की। उन्होंने नौ करोड़ रुपये की बोली लगाई। जोन नंबर-2 जींद रोड कैथल क्षेत्र में आता है, इसमें अनिल चहल एंड कंपनी ने बाजी मारी। उनकी बोली की राशि सात करोड़ 83 लाख 73 हजार 100 रुपये थी। इसी प्रकार जोन नंबर-3 के तहत जाखौली अड्डा कैथल के लिए आरके वाईन ने आठ करोड़ 92 लाख रुपये की बोली लगाई।
इसी प्रकार जोन नंबर-4 में हिंद सिनेमा कैथल क्षेत्र भी आरके वाइन ने प्राप्त की। उन्होंने आठ करोड़ 22 लाख रुपये की बोली लगाई थी। अंबाला रोड कैथल जो कि जोन नंबर-5 के तहत आता है, इसकी बोली कुरुक्षेत्र वाइन ने 10 करोड़ 11 लाख रुपये में हासिल की। इसी फर्म ने दो बोली के माध्यम से जोन नंबर-6 के तहत बोली छुड़वाई। यह क्षेत्र ढांड टीक रोड का पड़ता है। इसकी बोली छह करोड़ 71 लाख 70 हजार 280 रुपये में छुटी। इसके अलावा जोन नंबर सात पूंडरी क्षेत्र के तहत आने वाली दुकानों पर अनिल चहल एंड कंपनी ने कब्जा किया। उन्होंने सात करोड़ 51 लाख रुपये पर में बोली छुड़वाई। जोन नंबर-8 में आने वाली दुकानों की बोली कुरुक्षेत्र वाइन के पक्ष में गई। हाबड़ी बरसाना क्षेत्र की दुकानों के लिए चार करोड़ 25 लाख 70 हजार 280 रुपये की बोली छूटी।
जोन नंबर-9 जाखौली क्षेत्र की दुकानों के लिए मनोज कुमार के पक्ष में चार करोड़ 15 हजार 555 रुपये की बोली छूटी। जोन नंबर-11 बालू बाता क्षेत्र की दुकानों के लिए पांच करोड़ 52 लाख रुपये तथा जोन नंबर-13 के तहत धनौरी क्षेत्र के लिए पांच करोड़ 72 लाख रुपये की बोली छूटी, जो कि दोनों आरके वाइन के पक्ष में गई। जोन नंबर-14 के तहत सीवन क्षेत्र की बोली छह करोड़ 11 लाख 11 हजार 111 रुपये में छूटी, जिसे कुरुक्षेत्र वाइन ने प्राप्त किया। इसी प्रकार जोन नंबर-15, जिसके तहत खरकां क्षेत्र आता है, इसकी बोली पांच करोड़ 77 लाख रुपये में छूटी। इसे अनिल चहल एंड कंपनी ने प्राप्त किया। इसके अलावा जोन नंबर 17 के तहत चीका क्षेत्र की बोली आठ करोड़ 70 हजार 280 रुपये में छूटी। इसे कुरुक्षेत्र वाइन ने प्राप्त किया।
इसी प्रकार जोन नंबर 18 अजीमगढ़ गढ़ी नजीर क्षेत्र के लिए नौ करोड़ 42 लाख 81 हजार 625 रुपये में ई-टेंडरिंग बोली केपी वाइन के पक्ष में गई। आबकारी एवं कराधान विभाग के डीईटीसी सत्येंद्र श्योराण ने बताया कि जोन नंबर 10, 12 और 16 के लिए किसी ने भी बोली नहीं लगाई। इस मौके पर डीईटीसी सेल्स टैक्स कुलबीर मलिक, डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह, एईटीओ ओम प्रभा, अनुभाग अधिकारी परविंद्र सिंह, एक्साईज इंस्पेक्टर सुरजीत कौर आदि मौजूद रहे।