रुपयों के लेनदेन में व्यक्ति का अपहरण कर मोबाइल फोन छीनने के मामले में वांछित 5 आरोपियों को थाना ढांड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर वारदात में उपयोग एक बाइक व एक स्कूटी जब्त की गई।
डीएसपी रविंद्र कुमार सांगवान ने बताया कि ईशम सिंह निवासी कौल की शिकायत पर थाना ढांड में दर्ज मामले अनुसार 16 अक्तूबर को विरेंद्र, गौरव, नरेंद्र, पलकित, विजेंद्र, पंकज सभी निवासी कौल व संजीव निवासी करनाल ने उसके घर पर पैसों के लेनदेन कारण उसके साथ हाथापाई करते हुए उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे थे। झगड़े में बीच-बचाव करने आए उसके पुत्र नीरज को जबरदस्ती उठाकर अपने साथ ले गए। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी संजीव निवासी करनाल, विजेंद्र, विरेंद्र, गौरव व नरेंद्र सभी निवासी कौल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से ईशम सिंह से छीना गया फोन बरामद करने के अलावा वारदात में उपयोग एक बाइक व एक स्कूटी भी जब्त की गई। सभी आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेजे गए।