21 new cases of corona on Dhawar, formation of 11 teams to get shops closed after 6 o'clock in the city
- फोटो : Kaithal
कैथल। जिले में कोरोना के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को जिले में कोरोना के 21 नए मामले सामने आए हैं। 2 कोरोना संक्रमित लोगों ने कोरोना को मात दी है। इस समय जिले में कोरोना संक्रमण के 236 केस एक्टिव हैं, जिनमें से 219 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनमें से 5 मरीजों का इलाज नागरिक अस्पताल कैथल, 2 मरीजों का रेडफोक्स अस्पताल, एक मरीज जीएमसी चंडीगढ़ में, एक मरीज का इलाज शाह अस्पताल, 5 मरीजों का पीजीआई चंडीगढ़ में, सिग्नस उजाला अस्पताल में 1 करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में 2 मरीजों का इलाज चल रहा है।
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि बुधवार को 21 नए मामले सामने आए हैं। लोगों से अपील है कि वे अपना टीकाकरण पूरा करवा लें। जिले में अब तक 11 हजार 500 कोरोना के मरीजों में से 10 हजार 915 मरीज ठीक हो चुके हैं। बुधवार को 4477 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। पूरे जिले में अब तक 14 लाख 69 हजार 915 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें से 8 लाख 61 हजार 484 व्यक्तियों को पहली डोज तथा 6 लाख 7 हजार 519 व्यक्तियों को दूसरी डोज दी जा चुकी है।
शहर में 11 टीमें बनाकर किया निरीक्षण, छह बजे के बाद खुली दुकानें बंद करवाई
ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने शहर में सायं छह बजे के बाद मार्केट बंद करने के नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने के लिए 11 टीमें बना दी हैं। जिन्होंने सायं छह बजे के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर निरीक्षण किया। जहां दुकानें खुली पाई गईं, उन्हें बंद करवाया गया। ईओ कुलदीप मलिक ने बताया कि इस समय छह बजे के बाद दूध और दवाओं की दुकानों को छोड़कर सभी तरह की दुकानों को बंद करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकतर दुकानदारों ने खुद ही दुकानें बंद कर दी हैं। कुछेक जो खुली मिलीं, उन्हें बंद करवा दिया गया है।