कैथल। बैंक में चपरासी का काम करने वाली एक महिला के साथ नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी से रिमांड के दौरान 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। कैथल की एक कालोनी निवासी महिला ने एसपी को शिकायत दी थी।
महिला थाना प्रभारी डा. नन्ही देवी की टीम ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अर्जुन नगर कैथल के रहने वाले हरदीप व गांव शेरूखेड़ी निवासी काला को गिरफ्तार किया। महिला ने आरोप लगाया था कि हरदीप ने उसके नाम से क्रेडिट कार्ड बनवाया। उसके बाद करीब 65 हजार रुपये निकाल लिए।
क्रेडिट कार्ड से पैसे निकालने के बारे में उसे तब पता चला जब बैंक की तरफ से उसे बार-बार पैसे जमा करवाने के लिए फोन आने लगे। यह रुपये जुर्माना लग कर 94 हजार हो चुके थे। उसके बाद गांव शेरूखेड़ी के रहने वाले काला ने उससे संपर्क किया और पैसे वापस दिलवाने के नाम पर होटल में नशीला पदार्थ खिला कर कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने अर्जुन नगर निवासी हरदीप से बीस हजार रुपये बरामद किए हैं।