जींद/ जुलाना। गांव नंदगढ़ में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के राजकीय स्कूल में पेड़ पर बिजली के तार से फंदा लगा आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। मामले की सूचना मिलने पर डीएसपी धर्मबीर खर्ब पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्यों को जुटाया।
पुलिस कोे मृतक की जेेब से सुसाइड नोट और एक वीडियो मिला है। जिसमें अवैध संबंधों के जिक्र के साथ कार्रवाई कराने की धमकी के बारे में कहा गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को आधार मानते हुए मृतक के पिता की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव नंदगढ़ निवासी मृतक अंकित (21) ने जेब में मिले सुसाइड नोट और वीडियो में पांच लोगों को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। वहीं परिजनों ने तीन और लोगों पर आरोप लगाए हैं। जुलाना थाना पुलिस ने सुसाइड नोट और वीडियो को आधार बनाकर मृतक के पिता बलराज की शिकायत पर राकेश, उसकी पत्नी टीना, पिता रामनिवास, मां संतोष, टीना की बहन पूजा, उसके भाई राजेश, गौतम और नीलम के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रविवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के पिता ने कहा, घर 40 हजार रुपये लेकर गया था
अंकित के पिता ने कहा कि उसके बेटे से राकेश की पत्नी व उसका परिवार जबरदस्ती पैसे की मांग कर रहा था। एक बार अंकित उनसे 40 हजार रुपये भी लेकर गया था, जो पैसे उसने राकेश के परिवार को दिए थे। अब राकेश की पत्नी उससे लगातार पैसे की मांग करते हुए उसको ब्लैकमेल कर रही थी। इसमें राकेश के पूरे परिवार का हाथ है। जिसके चलते उसके बेटे को घर भी नहीं आने दिया जा रहा था।
मृतक अंकित घर का था इकलौता चिराग
अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हालांकि उसकी चार बहने भी हैं। अंकित पिछले दो वर्ष से गांव के ही राकेश के पास रहता था। राकेश और उसकी पत्नी के विवाद के कारण अलग-अलग रह रहे थे। इसमें राकेश की पत्नी ने राकेश, उसके ससुर व सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व ससुर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया हुआ है।
जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने युवक की जेब से सुसाइड नोट और वीडियो बरामद किया है। जिसमें आत्महत्या के लिए मजबूर करने के लिए आरोप लगाए गए हैं और मौत के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है। फिलहाल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।