जींद में महिला को जबरदस्ती नशीली गोलियां देकर उसका गर्भपात करवाने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव ढांडा खेड़ी निवासी पूनम ने बताया उसकी शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट करते थे। उसकी दो साल की बच्ची भी है और वह दो माह की गर्भवती थी। 19 अगस्त को उसकी सास राजदुलारी, जेठानी सकुरी ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे पति समीर और जेठ मोहमद अली ने उसके पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उसके दोनों हाथ-पांव बांध दिए।
उसकी सास और जेठानी ने गर्भपात की गोलियां बेलन के साथ कूटकर जबरदस्ती उसके मुंह में डाल दी। इससे उसके पेट में दर्द हो गया और मुंह से खून निकलने लगा। वह किसी तरह ससुराल के लोगों से बचकर अपने मायके चली गई। वहां जाते ही फिर से पेट में दर्द हुआ और उसका पिता उसे टोहाना के निजी अस्पताल में ले गया। यहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उसका गर्भपात करवाया गया और दाखिल किया गया है। सदर थाना पुलिस ने समीर, राजदुलारी, मोहमद अली, सुकुरी के खिलाफ मारपीट करने, गर्भपात करवाने के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।