नंदीशाला में नगर परिषद द्वारा डाली गई मिट्टी का निरीक्षण करते राघवानंद महाराज। संवाद
- फोटो : Jind
जयंती देवी मंदिर के सामने स्थित अस्थायी नंदीशाला में गोवंश के लिए तीन दिन के अंदर व्यवस्था नहीं होने पर गो भक्तों ने गायों और नंदियों को नंदीशाला से बाहर निकालने की बात कही थी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। बुधवार को नगर परिषद द्वारा नंदीशाला में मिट्टी डलवाने का काम शुरू करवा दिया गया है।
राघवानंद महाराज व जगतानंद महाराज ने कहा कि अभी नंदीशाला में बहुत काम होना बाकी है। गो भक्तों द्वारा नंदियों और गायों को नंदीशाला से बाहर निकालने की घोषणा के बाद प्रशासन हरकत में आया है। जबकि यह राहत कार्य बहुत पहले शुरू हो जाना चाहिए था। वहीं तीन दिन पहले जब गो भक्तों द्वारा जाम लगाया गया था तो प्रशासन द्वारा नंदीशाला में पर्याप्त व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया था। इसमें रात के समय गोवंश के लिए फोगिंग करने का आश्वासन भी प्रशासन द्वारा दिया गया था, लेकिन फॉगिंग का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। मिट्टी डालने का काम भी गोभक्तों द्वारा गोवंशों को नंदीशाला से बाहर निकालने की बात कहने के बाद हुआ है। गोवंशों के लिए जल्द से जल्द फॉगिंग कार्य शुरू करवाना चाहिए। वहीं नए डीसी आने के बाद नंदीशाला में फैली अव्यवस्था के बारे में उन्हें अवगत करवाया जाएगा। अभी बहुत सारी कमियां हैं, जिन्हें दूर किया जाना है। गो भक्त सुमित लाठर ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को इस समय आगे आना चाहिए ताकि गोवंश की रक्षा की जा सके।