रानी तालाब पर विधायक दीपक मंगला को स्थिति की जानकारी देते जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा। ?
- फोटो : Jind
विकास कार्यों की जांच के लिए बुधवार को विधानसभा की सब्जेक्ट कमेटी ने शहर का दौरा किया। इस दौरान भिवानी और जींद रोड के लोगों ने कमेटी के सामने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कमेटी में 10 विधायक शामिल थे, जिनमें शामिल भाजपा के ही पांच विधायक पहुंचे। कमेटी में शामिल कांग्रेस के तीन और जजपा के दो विधायक नहीं आए।
सुबह पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने कमेटी के सदस्यों को वीडिया दिखाकर नगर परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग की खामियां गिनाईं। इस पर कमेटी में शामिल विधायकों ने कहा कि वे मौके पर ही स्थिति देखेंगे, वीडियो से कुछ नहीं होगा। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने दो घंटे तक शहर का दौरा किया। इस दौरान उन्हें भिवानी रोड व रोहतक रोड पर लोगों ने प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
निरीक्षण के दौरान कमेटी के चेयरमैन व पलवल के भाजपा विधायक दीपक मंगला, जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, हांसी के विधायक विनोद भ्याणा, कैथल के विधायक लीलाराम गुज्जर, हथीन के विधायक प्रवीन डागर उपस्थित रहे।
चेयरमैन दीपक मंगला ने बताया कि जींद शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में किया गया। बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, सिंचाई विभाग व अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी तालमेल कर चल रहे विकास कार्यों को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करवाएं।
विरोध करने पहुंचे किसान
कमेटी के दौरे का कार्यक्रम कई दिन पहले बन गया था। लेकिन किसानों के विरोध के डर से प्रशासन ने इसे अंतिम समय तक गोपनीय रखा। इसके बावजूद मंगलवार को लोगों को इसकी जानकारी मिल ही गई। ऐसे में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे किसान खटकड़ टोल से विरोध करने के लिए चले, पर जब तक वे पहुंचे विधायक दौरा कर निकल चुके थे।