किसानों को यूरिया की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। जींद, नरवाना, सफीदों, उचाना व जुलाना में आए दिन खाद के लिए किसान लंबी लाइन लगा रहे हैं। वहीं नरवाना में किसानों ने यूरिया की कमी के चलते प्रदर्शन का एलान किया है। ऐसे में डीसी नरेश नरवाल ने कहा है कि सोमवार तक जिले में पांच हजार मीट्रिक टन खाद पहुंचेगा।
किसान नेता सुनील बद्दोवाल ने बताया कि पिछले कई दिन से क्षेत्र में यूरिया की किल्लत चल रही है। इसको लेकर प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन शनिवार तक भी खाद नहीं पहुंचा है। ऐसे में रविवार को प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं फिलहाल चल रही बारिश के बाद फिर से एकदम यूरिया की मांग बढ़ेगी। इसके चलते फिर से खपत बढ़ेगी। डीसी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 53 हजार 200 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हो चुका है। जिसमें से लगभग 52 हजार मीट्रिक टन यूरिया की बिक्री हो चुकी है तथा लगभग 1200 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि सोमवार तक जिले में पांच हजार मीट्रिक टन यूरिया पहुंचेगा। जिसके बाद किसानों को खाद के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।