सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान को बधाई देते डॉ. लोकवीर व अन्य चिकित्सक। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन कार्यालय में शुक्रवार देर शाम को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि के रूप में सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान ने कहा कि चिकित्सकों को इलाज से ज्यादा बीमारी की रोकथाम के लिए प्रयास करने चाहिएं ताकि बीमारी को फैलने का मौका ही नहीं मिले। इस मौके पर प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकवीर, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. जेके मान, डॉ. पालेराम कटारिया, डॉ. विजेंद्र ढांडा, डॉ. रमेश पांचाल, डॉ. सीमा वशिष्ठ, डॉ. गोपाल गोयल, डॉ. संदीप लोहान, डॉ. नवनीत भी मौजूद रहे।
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. विजेंद्र ढांडा ने चिकित्सकों को चिकित्सक दिवस की बधाई देते हुए बताया कि हर वर्ष एक जुलाई को पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र की जयंती के अवसर पर यह दिन मनाया जाता है। 1882 में भारत के एक महान चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र रॉय का जन्म हुआ था। स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान को श्रद्धांजलि देने के लिए यह दिन मनाया जाता है। वह महात्मा गांधी के निजी चिकित्सक भी थे। वर्ष 1976 में चिकित्सा, विज्ञान, सार्वजनिक मामलों, दर्शन, कला और साहित्य के क्षेत्रों में काम करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्ति को पहचानने के लिए उनकी स्मृति में बीसी रॉय राष्ट्रीय पुरस्कार की स्थापना की गई थी। डॉ. विजेंद्र ढांडा ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस का थीम फैमिली डॉक्टर ऑन द फ्रंट लाइन है। इसलिए चिकित्सकों को मरीजों की सेवा करनी चाहिए।