जींद। भाजपा द्वारा शनिवार को शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा के साथ हांसी से विधायक विनोद भ्याणा भी शामिल हुए। सुबह करीब साढ़े दस बजे जयंती देवी मंदिर से शुरू होकर यात्रा शहर के बीचों बीच चलते ही रानी तालाब तक पहुंची। यहां डॉ. मिड्ढा ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए लड़ने वाले व आजादी को बचाने के लिए संघर्ष करने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में निकाली गई है।
विधायक डॉ. मिड्ढा के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान रानी तालाब पर 100 फुट ऊंचा तिरंगा भी फहराया गया। यहां सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी देश की आन-बान और शान पर खतरा आया है तो भारत माता के लिए कुर्बानी देने वालों में प्रदेश के जवान कभी पीछे नहीं रहे हैं। हांसी के विधायक विनोद भ्याणा ने कहा कि प्रदेशभर में देश के शहीदों और सैनिकों के सम्मान में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। आज हम अपने घरों में सुरक्षित हैं तो हमारे देश के वीर जवानों की बदौलत हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा, डॉ. ओपी पहल, जवाहर सैनी, जसमेर रजाना, डॉ. राज सैनी, बलकार डाहौला, कर्मबीर सैनी, मनीष उर्फ बबलू गोयल, जसबीर सैनी, पुष्पा तायल मौजूद रहे।
शहर के साथ गांवों को भी जोड़ने में कामयाब रहे
किसान आंदोलन के चलते भले ही भाजपा व जजपा के कार्यक्रमों के विरोध का एलान किया हो, लेकिन जींद की तिरंगा यात्रा शहर के साथ गांवों से भी लोगों को जोड़ने में सफल रही। काफी संख्या में गांवों से लोग यात्रा में पहुंचे। वहीं डॉ. मिड्ढा ने कहा कि लोगों ने तिरंगा यात्रा में राजनीतिक भावना से ऊपर उठ कर भाग लिया है। यह सभी लोगों के लिए गर्व की बात है।
लोगों के विकास में विश्वास रखती है भाजपा
इस दौरान जिलाध्यक्ष राजू मोर ने कहा कि भाजपा देश के प्रति समर्पित होकर, देश के विकास, यहां रहने वाले लोगों के उत्थान, यहां की सामाजिक परंपराओं को सहेजने में विश्वास रखती है। इसलिए सब अपने देश की आन बान शान को बढ़ाने के लिए शहीदों के सम्मान में एकत्रित हुए हैं।