जींद। सदर थाना पुलिस ने खरकरामजी गांव में हुई ट्रक चालक हत्याकांड की गुत्थी 24 घंटे में ही सुलझा ली है। पुलिस ने इस हत्याकांड को अंजाम देने के आरोपी गांव के ही युवक मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक की मां के बारे में मृतक मंगल ने गालियां दी थी। उसी रंजिश में आरोपी मोहित ने मंगल पर तेजधार हथियार से वारकर हत्या कर दी थी। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयोग किए गए तेजधार हथियार बरामद करने बारे पूछताछ करेगी।
डीएसपी रवि खुंडिया ने पत्रकारों को बताया कि मोहित ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया है कि एक महीने पहले मृतक मंगल ने शराब पीकर उसकी मां के बारे में गंदी-गंदी गालियां दी थी। इसको लेकर उसने उसे समझाया भी था, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात को लेकर वह मंगल से रंजिश रखने लगा था। वह उसे मौत के घाट उतारने की योजना बना रहा था। शुक्रवार की रात मंगल उसे गली में मिल गया जो कि शराब के नशे में था। उस समय भी वह उसकी मां के बारे में अनाप-शनाप कहने लगा, लेकिन उसकी मां के बारे में गाली-गलौज सुनना उसे सहन नहीं हुआ। उसने सोचा कि मंगल को मारने का सही मौका है। इसी का फायदा उठाकर उसने तेजधार हथियार से उसके सिर और नाक पर कई वार किए और मौके से भाग गया।
बॉक्स
रविवार सुबह मिला था मंगल का शव
खरकरामजी गांव में रविवार सुबह 44 वर्षीय मंगल जो कि ट्रक चलाता था, उसका शव गांव की गली में ही पड़ा मिला था। उसके सिर तथा मुंह से खून निकल रहा था। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया था। घटनास्थल से पुलिस को कस्सी का बिंडा बरामद हुआ था। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया था और मृतक के चचेरे भाई प्रेम की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
फोटो कैप्शन
31जेएनडी04-पुलिस गिरफ्त में हत्या करने का आरोपी मोहित। संवाद