जींद। रोहतक रोड पर हुई ठेकेदार की हत्या के मुख्यारोपी धर्मेंद्र पहलवान की निशानदेही पर एसआईटी की टीम ने रिमांड के दूसरे दिन पिस्तौल व मोबाइल बरामद कर लिए। इसके अलावा भी पुलिस आरोपी के साथ लेकर शूटरों की पहचान के लिए काम कर रही है।
हत्या के आठ दिनों बाद तक आरोपी धर्मेंद्र पहलवान जहां पर छिपा था। उन सभी ठिकानों पर एसआईटी की रेड आरोपी को साथ लेकर जारी है। अब तक पुलिस ने उसके ठिकानों से मोबाइल व पिस्तौल बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी से शूटरों की पहचान के लिए फोटो बरामद कर सीसीटीवी में कैद हुए वारदात के दौरान के उनके चेहरों से मिलान किया जा रहा है। मिलान के बाद शूटरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इसके अलावा इस मामले में पुलिस की चार टीमें अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार हरियाणा तथा आसपास के राज्यों में दबिश दे रही हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपी धर्मेंद्र पहलवान को भी सीआईए हरियाणा तथा पंजाब में कई ठिकानों पर लेकर गई। जहां से पुलिस को आरोपी के खिलाफ कई अहम जानकारियां भी हासिल हुई हैं। इसके अलावा पुलिस इस मामले में पोंकरी खेड़ी निवासी बलजीत की भी शीघ्र ही गिरफ्तारी करेगी।
एसआईटी इंचार्ज एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि रिमांड पर चल रहे आरोपी धर्मेंद्र पहलवान के कब्जे से मोबाइल व पिस्तौल बरामद हुए हैं। आरोपी की निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी व अन्य जरूरी वस्तुओं की बरामदगी के लिए भी पुलिस काम कर रही है। शीघ्र ही पुलिस इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
आरोपी नरेश पोंकरी को चार दिन के रिमांड के बाद भेजा जेल
जींद। ठेकेदार श्यामसुंदर की हत्या की साजिश रचने के आरोपी पोंकरी खेड़ी निवासी नरेश को चार दिन के रिमांड के बाद पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से अदालत के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
23 नवंबर को ठेकेदार श्याम सुंदर की हत्या करने के बाद धर्मेंद्र पहलवान को गाड़ी में बैठाकर रोहतक छोड़कर आने के आरोपी पोंकरी खेड़ी निवासी को पुलिस ने चार दिन पहले गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर चार दिन के रिमांड पर लिया था। इस मामले में आरोपी नरेश से पुलिस ने चार दिन तक पूछताछ करने के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया।