भूख हड़ताल पर बैठे पार्षदों को समर्थन देने पहुंचे रोहित दलाल। संवाद
- फोटो : Jind
जुलाना। नगर पालिका में पार्षदों की भूख हड़ताल लगातार तीसरे दिन रविवार को भी जारी रही। नपा के 10 पार्षद मांगों को लेकर एक अक्तूबर से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। पार्षद जुलाना में विकास नहीं होने के आरोप लगा रहे हैं। अब इन पार्षदों को लोगों का समर्थन भी मिलना शुरू हो गया है।
पार्षद सुभाष पांचाल ने कहा कि जुलाना कस्बे में जरा सी बारिश होने पर पानी भर जाता है। इसका आज तक प्रशासन व सरकार की तरफ से कोई समाधान नहीं किया गया। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा जो पानी सप्लाई किया जा रहा है, वह बहुत गंदा व पीने लायक नहीं है। कस्बे में लगी स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, इसलिए रात को चोरी का अंदेशा हमेशा बना रहता है। कई चोरी की घटनाएं हो भी चुकी हैं। तीन दिन बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी उनकी सुध लेने के लिए नहीं आया है। इधर, कांग्रेस के युवा नेता रोहित दलाल पार्षदों के बीच पहुंचे और उनको समर्थन दिया। दलाल ने कहा कि सरकार व प्रशासन का रवैया लोगों के प्रति उदासीन है। लोगों की समस्याओं से सरकार को कोई सरोकार नहीं है। भाजपा विकास के नाम पर तो ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन जुलाना में सभी दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। इस मौके पर सूरजभान कामरेड, बलजीत लाठर, मनोज नैन, छोटू लाठर व रामकुमार दलाल भी मौजूद रहे।