सफीदों। रात को लगभग नौ बजे हुए एक तेज धमाके से पूरा सफीदों शहर दहल उठा। धमाका इतनी तेज था जैसे कोई बम फटा हो लेकिन पूरे शहर में इस धमाके के कोई निशान या अवशेष नहीं मिले। पुलिस टीम भी रात को लगभग दो घंटे तक शहर की खाक छानती रही, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। एसडीएम ने भी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी है। अब एक्सपर्ट टीम से पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी।
सफीदों शहर में अचानक नौ बजे बहुत जोरदार धमाका हुआ। लोगों को केवल आवाज सुनाई दी लेकिन न तो धुआं दिखाई दिया और न ही धमाके के कारण कहीं कोई नुकसान की सूचना आई। जैसे ही धमाका हुआ सब कुछ एकदम से थम गया तथा लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर आ गए। हर किसी को ऐसा लगा कि उसके घर या दुकान के ऊपर ही कुछ जोरदार गिरा है। रात में पूरे शहर व आसपास के गांवों में धमाका चर्चा का विषय रहा। लोगों ने आपस में संपर्क करके इस बारे में पूछा तो सबने कहा कि उन्होंने भी तेज आवाज सुनी। हर किसी कि जुबान पर इस धमाके की चर्चा थी।
दो घंटे तक शहर में चलाया सर्च अभियान
शहर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि उन्हें भी तेज आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ पूरे इलाके का करीब दो घंटे तक निरीक्षण किया लेकिन इससे संबंधित कुछ भी सामने नहीं आया। कहीं पर भी कोई जानमाल के नुकसान की सूचना न तो आई न ही कुछ मिला।
रिपोर्ट बनाकर भेजी उच्चाधिकारियों को
एसडीएम डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि धमाके की आवाज आने के बाद इस मामले में डीसी, एसपी, डीएसपी व मौसम विभाग को सूचित कर दिया गया था। इसके अलावा एक रिपोर्ट बनाकर सरकार व उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है। एक्सपर्ट टीम इस सारे मामले की जांच करवाई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह घबराएं नहीं। यदि कोई जानकारी मिले तो प्रशासन को सूचित करें।