नरवाना(जींद)। गुरथली गांव में उपमंडल स्तरीय तीज महोत्सव पुरानी परंपराओं के साथ नए लुक में मनाया गया। गुरुद्वारा साहिब स्थित सभागार में आयोजित उपमंडल स्तरीय तीज महोत्सव में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने की।
सीईओ डॉ. किरण सिंह ने कहा कि तीज त्योहार हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है। इसे संजोए रखना हम सबका दायित्व है। बीते समय के साथ आधुनिकता के इस युग में त्योहारों तथा अन्य सामाजिक उत्सवों का आकर्षण कम हो रहा हैं। इससे आम आदमी खुशी बांटने के शुभ अवसरों को खो रहा है। डॉ. किरण सिंह ने कहा कि सभी सामाजिक उत्सव एवं त्योहारों का संदेश परस्पर आत्मीयता, लगाव तथा प्रेम को बढ़ावा देता है।
लिहाजा हमें अपनी पुरानी सामाजिक रस्मों के साथ सभी त्योहार मनाने चाहिए। इससे आपसी प्यार बढ़ेगा और पुरानी परंपराएं जीवंत रहेगी। महोत्सव में लगाई गई हथकरघा तथा घरेलू निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का जिक्र करते हुए डॉ. किरण सिंह ने कहा कि यह घरेलू उत्पाद आपस में उपहार के तौर पर देने से जहां खुशी मिलती है, वहीं इन उत्पादों के कारोबार के जरिये महिलाएं अपनी आजीविका भी कमा सकती हैं।
एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आजादी के 75वें दिवस पर सरकार द्वारा अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी सिलसिले में प्राचीन ग्रामीण परंपराओं के साथ उपमंडल स्तर पर तीज महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुराने सामाजिक सरोकारों को संजीव रखने की वर्तमान में जरूरत है। इसके लिए हमें लुप्त हो रही प्राचीन पद्धति एवं सामाजिक व सांस्कृतिक विधाओं को संजोना होगा। इस अवसर पर बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री, सरपंच कश्मीर सिंह, पूर्व सरपंच जेठू सिंह, हरचरण सिंह, गुरचरण सिंह, बारूचंद, गुरुद्वारा साहिब कमेटी के प्रबंधक ताराचंद मौजूद रहे।