मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के सदस्य। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। जुलाना क्षेत्र के लोग बारिश के बाद हुए जलभराव से त्रस्त हैं। इसके चलते बराड़ खेड़ा गांव के लोग मंगलवार को डीसी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव व खेतों में पानी भरा हुआ है। पिछले करीब 15 दिनों में कई बार अधिकारी मौका देख चुके हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खेतों में पानी भरने से पशुओं के लिए चारा तक नहीं बचा है। गांव के चारों ओर पानी भरने से ईंधन भी भीग गया है। हालात ऐसे हैं कि यदि गांव में किसी की मौत जाती है तो उनके अंतिम संस्कार की भी सुविधा नहीं है। ऐसे में उन्होंने अधिकारियों से मांग की है कि वो गांव से पानी की निकासी का तुरंत प्रबंध कराएं।
विधायक के सामने फैलाई पगड़ी, उन्होंने हाथों में रखी
जिस समय किसान डीसी कार्यालय के नीचे एकत्रित हुए थे, तभी जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा वहां आ गए। ऐसे में किसानों ने उनसे पानी निकासी की गुहार लगाई। इस दौरान बराड़ खेड़ा गांव के पूर्व सरपंच बारूराम ने अपने सिर से पगड़ी निकाल कर विधायक के सामने फैला दी। विधायक ने कहा कि वे लोगों की तकलीफ समझ सकते हैं। उन्होंने पगड़ी को हाथों में लेते हुए वापस बारूराम के सिर पर रखी और कहा कि इसके लिए डीसी को निर्देश दिए हैं। जैसे ही हो पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी।
गांव में बढ़ रहा खतरा
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में लगाता जलभराव से खतरा बढ़ रहा है। एक तो इससे बीमारी फैल सकती है, दूसरा पानी गांव के अंदर तक घुस गया है। इससे जहरीले जीव भी गांव में घुस रहे हैं।
जींद से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि ग्रामीण पानी की निकासी के लिए मिले हैं। पहले ही प्रशासन को आदेश दिए गए हैं कि जैसे ही हो पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए। जल्द से जल्द पानी निकलवाया जाएगा।