जिले में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शिव भक्तों ने रुद्राभिषेक किया। बाल भवन रोड स्थित श्री शिव मंदिर सेवा सदन के पुजारी विष्णु दत्त शास्त्री ने बताया कि आज का दिन शिव भक्तों के बहुत खास माना जाता है। इस दिन भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए भक्त शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाकर पूजा-अर्चना करते हैं।
भूराण के शिव मंदिर में लगा मेला
पिल्लूखेड़ा। गांव भूराण में बने प्राचीन शिव मंदिर में महा शिवरात्रि पर्व के मौके पर विशाल मेले का आयोजन किया गया। भूराण शिव मंदिर में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ी।
शिवलिंग पर किया जलाभिषेक
जुलाना। क्षेत्र के गांव बराड़ खेड़ा में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में त्रिवेणी धाम मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंदिर में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और शिव की महिमा का गान किया। श्री शक्ति पीठ के संस्थापक आचार्य मोतीराम ने श्रद्धालुओं को कहा कि शिव की महिमा अपरंपार है। सभी लोगों को अपने जीवन को सार्थक बनाने के लिए शिव की उपासना करनी चाहिए। कार्यक्रम में सुख शांति के लिए हवन व भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के आदर्श नगर से विधायक पवन शर्मा, वेदपाल, मनोज, रामफल मंगल, बिजेन्द्र, राकेश कुमार, अजय गोयल, सुरेश बंसल, उमेश अग्रवाल, महेंद्र, वेदपाल गुप्ता, राजू अरोड़ा, रंजीत बत्रा, राकेश मल्होत्रा आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्री गीता मंदिर सभा ने किया शांति यज्ञ
सफीदों। श्री गीता मंदिर सभा की ओर से वार्ड-8 स्थित गीता मंदिर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में शांति यज्ञ कराया गया। इस यज्ञ मेें 16 हवन कुंडों में आहुति डाली गई। सद्गुरु गीतानंद महाराज भिक्षु के पावन आशीर्वाद एवं स्वामी मुक्तानंद महाराज भिक्षु के सानिध्य में यह यज्ञ सम्पन्न हुआ। स्वामी मुक्तानंद महाराज भिक्षु ने कहा कि महाशिवरात्रि के दिन धार्मिक कार्यों में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलता है। इस अवसर पर रामेश्वर दास गुप्ता, साधूराम बंधू, डॉ. देवी सिंह मलिक, विपिन गुप्ता, महेश गोयल आदि श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
गोशाला में वार्षिक महोत्सव का आयोजन
अलेवा। अलेवा की बाबा धूणे वाली विकलांग गोशाला में शुक्रवार को वार्षिक महोत्सव कार्यक्रम आयोजित कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आसन डेरे के महंत सुंदराई नाथ ने की। उझाना डेरे के सिद्ध योगी महंत राजनाथ पीर ने शिरकत की। जिला पार्षद कुमारी गुंजन दलाल व कांग्रेसी नेता बलराम कटवाल ने विशिष्ट अतिथि रहे। इस मौके पर दयालगिरी डेरे के महंत विवेकानंद, दादूपंथी डेरे के महंत रामदत्त दास, सरपंच रणधीर चहल, समाज सेवी सुरेश कोच, कमेटी सदस्य राजकुमार लोहान, लाला सतीश, सेठ मदन लाल, पूर्व सरपंच बलबीर, छोटा शमशेर सैनी, देवेंद्र, सुरजमल व सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।
महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने मांगी मन्नत
नरवाना। महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार सुबह ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लाइनें लगनी शुरू हो गईं थी। प्राचीन शिव मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाकर शिवलिंग पर जल चढ़ाया। अहैलिया मंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो रही थी। इस मौके पर खीर हलवा पूरी फल प्रसाद वितरित किया। शिव सेवक दलबीर ने बताया कि 165 साल पहले सुल्तानिया मोर सबसे पहले हरिद्वार से कांवड़ लेकर यहां पहुंचे थे और जोहड़ खोदते समय शिवलिंग प्रकट हुए तभी से यहां पूजा होनी शुरू हो गई थी। यहां श्रद्धालु जो मुराद मांगते हैं वह पूरी होती है।
मनोकामना पूर्ति के लिए की श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा
उचाना। क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व पर प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचने शुरू हो गए। दोपहर तक श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। समाजसेवी लोगों ने भंडारे लगा कर श्रद्धालुओं को खीर, आलू का प्रसाद वितरित किया। पंडित सत्यनारायण पुजारी ने कहा कि भगवान शिव की सच्चे मन से पूजा करने पर मनोकामना पूरी होती है।