डीलर से डीएपी के स्टॉक की जांच करते एसडीएम सुरेंद्र सिंह।
- फोटो : Jind
जींद। एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को खाद विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बाजार में क्षेत्र के किसानों को खाद का सुचारु वितरण एवं आपूर्ति प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए वह स्वयं विभागीय अधिकारियों के साथ खाद वितरण एवं आपूर्ति की निगरानी कर रहे हैं।
एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने कृषि अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण के दौरान खाद विक्रेताओं और डीलरों का रिकॉर्ड जांचा और उपलब्ध स्टॉक भी देखा। उन्होंने उनको सख्त हिदायत दी कि खाद बिक्री सुचारु रहनी चाहिए और जरूरत अनुसार किसानों को खाद की आपूर्ति सुनिश्चित रहे। इसमें कोई भी कोताही नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद के सैंपल भी लिए गए। एसडीएम ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि खाद की सुचारु आपूर्ति के साथ-साथ गुणवत्ता भी दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि खाद खरीद करने वाले किसान के बिल पर उसका नाम, पिता का नाम, गांव, मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण स्पष्ट हो, ताकि बाद में भी किसानों से उनकी संतुष्टि जानी जा सके। यह भी सुनिश्चित हो कि खाद के थैले के अलावा किसान पर अन्य गैर जरूरत वस्तु यानी दवाइयां न थोंपी जाएं। मौके पर ही एसडीएम ने पहले खाद खरीद चुके कई किसानों से भी फोन पर संपर्क किया। उन्होंने बताया कि बाजार में अब डीएपी, यूरिया या अन्य रसायनिक खाद की कोई कमी नहीं है।