जींद। शुक्रवार से प्रदेश भर में एससीईआरटी द्वारा नेशनल एचिवमेंट सर्वे (एनएएस) परीक्षा शुरू की गई। इसको लेकर कई स्कूलों में प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट के प्रिंट नहीं निकल पाए।
सरकारी स्कूलों के मुखियाओं ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे ई-मेल से प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट भेजी गई। ग्रामीण व दूर दराज के क्षेत्रों में स्कूलों में प्रिंटर की सुविधा नहीं है। जहां प्रिंटर हैं, वहां भी उनकी क्षमता इतनी नहीं है कि पूरे सैट निकाल सकें। स्कूलों में कक्षा तीन, पांच, आठ, दस व 12 की परीक्षाएं ली जा रही हैं। एक सेट में 15 पन्ने हैं। स्कूल मुखियाओं ने कहा कि इसके चलते काफी जगह परीक्षाएं नहीं हो र्पाईं।
डीटीसी डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया कि यह परीक्षा सिर्फ विद्यार्थियों को परीक्षाओं का प्रारूप समझाने के लिए हैं। ऐसे में जरूरी नहीं हैं कि हर विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र दिया जाए। हालांकि विभाग ने साफ किया है कि प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट दुकानों से निकलवा सकते हैं। साढ़े आठ बजे भी यदि प्रश्न पत्र आता है तो दस बजे तक परीक्षा शुरू करवाई जा सकती है।