मेडिकल स्टोर पर जांच करते जिला औषधि नियंत्रक डॉ. मनदीप मान। संवाद
- फोटो : Jind
जिला औषधि नियंत्रक डॉ. मनदीप मान की टीम ने बुधवार रात को लगभग साढ़े सात बजे भिवानी रोड स्थित दो मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। डॉ. मान को सूचना मिली थी कि इन दोनों मेडिकल स्टोर पर एमटीपी किट व नशे की दवाइयां बेची जाती हैं। जांच में इस प्रकार का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन अन्य दवाइयों के स्टॉक में काफी अनियमितताएं मिली हैं। अब इन मेडिकल स्टोर संचालकों नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद इनके लाइसेंस रद्द भी हो सकते हैं।
कई दिन से जिला औषधि नियंत्रक डॉ. मनदीप मान को शिकायतें मिली रही थी कि भिवानी रोड स्थित कुलदीप मेडिकल हाल व सुरेश मेडिकल हाल पर एमटीपी किट के अलावा नशे की दवाइयां बेची जा रही हैं। इन शिकायतों के आधार पर डॉ. मनदीप मान के नेतृत्व में एक टीम ने बुधवार रात को लगभग साढ़े सात बजे दोनों मेडिकल स्टोर पर दस्तक दी। जांच में मेडिकल स्टोर पर कोई एमटीपी किट तथा नशे की दवाइयां नहीं मिली, लेकिन स्टोर में अन्य कुछ दवाइयां ऐसी मिली, जो प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा स्टॉक का भी सही तरीके से मिलान नहीं हो रहा था। डॉ. मनदीप मान से कहा कि दोनों स्टोर संचालकों को नोटिस जारी करके जवाब मांगे जाएंगे। यदि उनके जवाब संतोषजनक नहीं हुए तो इनके लाइसेंस रद्द किए जा सकते हैं।