संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अंबाला और यमुनानगर जहरीली शराब पीने से हुई कई लोगों की मौत मामले के बाद जिला पुलिस भी गंभीर हो गई है। जिला पुलिस ने टीमें गठित कर दिवाली के दिन अलग-अलग जगह छापेमारी की, जहां से पुलिस ने 11 लोगों को काबू कर उनके कब्जे से 117 शराब की बोतल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा आईएएस शत्रुजीत कपूर के आदेश पर जिला पुलिस ने दिवाली पर्व पर रविवार को टीमें गठित की। इसके बाद जिले में बिना लाइसेंस की अवैध शराब बेचने वाले लोगों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में पुलिस की 45 टीमों ने विभिन्न जगहों पर छापे मारे। पुलिस ने मौके से 11 लोगों को काबू किया।
उनकी निशानदेही पर 117 शराब की बोतलें बरामद हुई। पिछले दिनों अंबाला और यमुनानगर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी, जिसको लेकर पुलिस महानिदेशक हरियाणा आईएएस शत्रुजीत कपूर ने एसपी सुमित कुमार को पूरे जिले में छापेमारी कर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश जारी किए थे।
पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने पर 11 लोगों को काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाने के लिए पुलिस की 45 टीमों का गठन किया गया था, जिसमें पुलिस की टीमों ने अलग-अलग जगह छापे मारकर शराब की 117 बोतलें बरामद की हैं।
-सुमित कुमार, एसपी, जींद।