कालवा गांव में हुए मर्डर के आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने जाती पिल्लूखेड़ा पुलिस।
- फोटो : Jind
पिल्लूखेड़ा। कालवा में 52 वर्षीय व्यक्ति वेदपाल की हत्या के दो आरोपियों को पिल्लूखेड़ा पुलिस ने शुक्रवार शाम को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि सात अक्तूबर को कालवा निवासी वेदपाल की रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पिल्लूखेड़ा पुलिस ने इस मामले में मृतक वेदपाल के भतीजे नीरज के बयान पर गांव के ही दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। मृतक के भतीजे नीरज ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि बुधवार को सुबह वेदपाल घूमने के लिए गांव के तालाब के पास गया था। गांव के ही मनजीत व सचिन ने लाठी-डंडों से वेदपाल पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने गंभीर हालात को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था। जहां उसके चाचा वेदपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि आरोपियों में सचिन व मनजीत ने गांव के श्मशान घाट के पास छह अक्तूबर की रात को शराब पी। इसी बीच वहां पर वेदपाल आ पहुंचा। मृतक वेदपाल ने आरोपियों को मां-बहन की गालियां दी थीं। जिसके चलते आरोपियों ने श्मशान में ही पड़े लट्ठ से वेदपाल पर हमला कर घायल कर दिया। आरोपी वेदपाल को मरा समझकर वहां से चले गए थे। पुलिस अब आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयोग किया गए लट्ठ को बरामद करेगी।