नरवाना अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर कार्रवाई करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : Jind
भगवानपुरा गांव में शराब ठेके पास वीरवार रात में हुए विवाद में चोट लगने से रामकला (48) की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भतीजे अश्वनी की शिकायत पर गांव के सुरेंद्र, भीम, सोनू के खिलाफ हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अश्वनी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वीरवार रात साढ़े ग्यारह बजे उसके पास सुरेंद्र का फोन आया। सुरेंद्र का फोन आने के बाद वह अपने चाचा के लड़के के पास पहुंचा। अश्वनी ने बताया कि दोनों गांव में शराब के ठेके के पास गए तो वहां पर उसके चाचा रामकला खून से लथपथ पड़े थे। उस समय ठेका भी खुला था। सुरेंद्र ने बताया कि रामकला को किसी ने मारकर गिरा दिया है। वहां पर भीम और सोनू सैनी भी थे। सुरेंद्र का ऑटो भी वहीं खड़ा था। ऑटो में डालकर रामकला को नरवाना नागरिक अस्पताल ले गए तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अश्वनी ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र, भीम, सोनू ने रामकला को झगड़ा करके मारा है। यह घटना ठेके से मात्र 10 फीट दूर हुई है।
मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
भगवानपुरा गांव में शराब के ठेके से कुछ दूरी पर रामकला की मौत के मामले में मृतक के भतीजे अश्वनी की शिकायत पर सुरेंद्र, भीम, सोनू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृष्ण कुमार, थाना प्रभारी, उचाना।