लड़की का शव मिलने के बाद हांसी ब्रांच नहर पर जुटी भीड़।
- फोटो : Jind
डिडवाड़ा गांव से गायब दो लड़कियों में से एक लड़की का शव शुक्रवार देर शाम गांव साहनपुर के नजदीक हांसी ब्रांच नहर में अर्धनग्न अवस्था में मिला है। शव मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से लड़की का शव निकलवाया। वहीं परिजनों ने लड़की के शव की शिनाख्त कर ली है। साहनपुर गांव के कुछ युवक शाम को दौड़ लगा रहे थे। दौड़ लगाते समय युवकों की नजर नहर के अंदर पड़ी तो उन्होंने देखा कि नहर में कोई शव पड़ा हुआ है। उन्होंने मामले की सूचना साहनपुर गांव के ग्रामीणों को दी और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। डिडवाड़ा गांव में घर से दो लड़कियों के गायब होने का साहनपुर के लोगों को भी जानकारी थी और साहनपुर गांव के लोगों ने डिडवाड़ा गांव के लोगों को मामले की जानकारी दी। तब डिडवाड़ा गांव के लोग व लड़कियों के परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं एएसपी अजीत सिंह शेखावत व एसएचओ सदर धर्मबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को निकलवाया। गौरतलब है कि 15 जुलाई को उपमंडल के डिडवाड़ा गांव से दो दिन पहले एक घर से दो लड़कियां गायब होने का मामला सामने आया था। परिजनों ने इसकी शिकायत सफ ीदों सदर थाना में दी थी। पुलिस को दी शिकायत में डिडवाड़ा गांव निवासी जुम्मा ने कहा था कि 15 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी दो लड़कियां गायब हो गई। लड़की के पिता ने शक जताया था कि किसी ने उसके परिवार को नशीला पदार्थ खिला दिया था, जिसकी वजह से वे देर से उठ पाए थे। जब उसने उठकर देखा तो पाया कि उसकी बेटियां 11 वर्षीय मुस्कान व सात वर्षीय निशा घर पर नहीं थीं। उन्होंने अपनी दोनों बच्चियों को गांव, आसपास व रिश्तेदारियों में काफी तलाश किया, लेकिन दोनों लड़कियों का कोई अता पता नहीं चला। पुलिस ने पिता की शिकायत पर धारा 346 आईपीसी के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था। गायब हुई इन दो लड़कियों में से निशा का शव बरामद हुआ है। जैसे ही ग्रामीणों को शव मिलने की जानकारी मिली मौके पर सैकड़ों की तादाद में लोग जमा हो गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही थी। वहीं पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है। इस मौके पर लड़की के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था तथा मौके पर मौजूद लोग इस कांड की निंदा कर रहे थे।