जींद की नई अनाज मंडी में बारिश के दौरान तिरपाल से ढकी गई धान की फसल।
- फोटो : Jind
जींद। मौसम खराब होने के चलते सोमवार को शहर की अनाज मंडी में धान व बाजरे की खरीद प्राइवेट व सरकारी खरीद एजेंसियों ने नहीं की। इसके चलते किसान शाम तक खरीददारों का इंतजार करते रहे और फिर उन्हें घरों को लौटना पड़ा।
मंडी में आए किसान बलवान, सुमेर, सत्यवान और हरिकेश ने बताया कि वह रविवार को मंडी में पीआर धान लेकर आए थे, लेकिन उनका धान न तो रविवार को बिका और न ही सोमवार को बिका। आढ़तियों को इस बारे में पूछताछ की तो उन्होंने खराब मौसम का हवाला देते हुए धान खरीद नहीं होने की बात कही। हालांकि मंडी में खुले में पड़े धान को बारिश में गीला होने से बचाने के लिए किसान व आढ़तियों ने तिरपाल से ढक कर बचाया। मंडी में मौजूद आढ़तियों ने बताया कि ज्यादातर धान में नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण उसे बेचने में परेशानी आ रही है। किसानों को सूचित किया गया है कि मंडी में 17 प्रतिशत नमी का धान ही खरीदा जाएगा। इससे ज्यादा नमी के धान को मंडी में सुखाकर ही खरीदा जाएगा।
धान को बारिश में गीला होने से बचाने के लिए नहीं की खरीदारी
जींद अनाज मंडी की मार्केट कमेटी सचिव संजीव जांगड़ा ने कहा कि सोमवार को बारिश होने के कारण मंडी में आए धान की खरीदारी नहीं की गई। मौसम खराब होने के कारण धान का तोल नहीं करवा सकते, न ही लोडिंग का काम चल सकता था। इसके बावजूद भी छप्परों के नीचे से लोडिंग का काम करवाया गया है। मंगलवार को मौसम साफ होने के बाद धान खरीद का कार्य निरंतर किया जाएगा। किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।