अनशन पर बैठे युवा किसान को आशीर्वाद देता बुजुर्ग किसान।
- फोटो : Jind
नरवाना। जिले में डीएपी खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। दनौदा गांव के 25 वर्षीय किसान अशोक ने नरवाना लघु सचिवालय के गेट पर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने सोमवार को अनशन शुरू किया और मंगलवार को उसे जारी रखा।
इस संबंध में अशोक दनौदा ने कहा कि जब तक सरकार किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध नहीं करवाती, वह अपना अनशन जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि मार्केट में नकली खाद की भरमार है। इससे किसानों को दोहरा नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे दो एकड़ के किसान हैं और उन्हें गेहूं की बिजाई के लिए अभी तक डीएपी नहीं मिला है। ऐसे में उन्होंने अनशन शुरू किया है। अशोक के अनुसार फिलहाल उन्होंने अकेले ही अनशन किया है, लेकिन संयुक्त किसान मोर्चा के नेता उनके संपर्क में हैं। जैसे ही कोई योजना बनेगी, उसके अनुरूप आंदोलन होगा। इस मौके पर मोदी नैन, सत्यवान, मनोज, पवन, संजीव ढाकल, नरेश ढांडा व सतीश कुमार मौजूद रहे।
दो दिन में तीन किलोग्राम वजन हुआ कम
अशोक दनौदा ने कहा कि उन्होंने दो दिन से अन्न नहीं लिया है। इससे मंगलवार शाम को उनका वजन तीन किलोग्राम कम हो गया है। हालांकि अभी तक स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत नहीं है।