बैठक में लोगों को संबोधित करते हुए खाप के सदस्य। संवाद।
- फोटो : Jind
किसान आंदोलन के चलते एक बार फिर से जजपा व भाजपा नेताओं के खिलाफ लामबंदी शुरू हो गई है। इसको लेकर बुधवार को जुलाना के लंगरघर में बुधवार को जुलाना बारहा खाप की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता शादीपुर के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश लाठर ने की। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि कोई भी जुलाना बारहा खाप के गांवों में भाजपा-जजपा नेताओं को किसी कार्यक्रम में बुलाता है तो उसके खिलाफ खाप कड़ा फैसला लेगी।
ओमप्रकाश लाठर ने कहा कि जिस दिन से किसान आंदोलन शुरू हुआ था, उसी दिन से जुलाना बारहा खाप ने भाजपा-जजपा नेताओं का बहिष्कार कर दिया था लेकिन कुछ लोग उन्हें बुलाकर भाईचारे को तोड़ना चाहते हैं। सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। लगातार 11 महीने से किसान बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं लेकिन सरकार ने अभी तक किसानों की कोई सुध नहीं ली है। जुलाना बारहा खाप के प्रधान राजमल जेई ने कहा कि सरकार चाहती है कि भाईचारे को खराब करके आंदोलन को कमजोर किया जाए लेकिन किसान सरकार के मंसूबों को कभी भी कामयाब नही होने देंगे। किसान संगठन को ओर मजबूत करेंगे और आंदोलन में बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।