जींद के कलाम बाल आश्रम में प्रोटेक्शन अधिकारी की घिनौनी करतूत सामने आई है। उसने आश्रम में रह रही लड़की को कहा कि वह उसे पसंद करता है। मामला संज्ञान में आने पर चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारी की शिकायत पर प्रोटेक्शन अधिकारी के खिलाफ महिला थाना पुलिस ने अश्लील हरकत समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर सुजाता ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डीसी कॉलोनी के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से अब्दुल कलाम के नाम से अनाथ बच्चों के लिए आश्रम संचालित किया जा रहा है। जिसमें छोटे बच्चे तथा लड़कियां भी हैं। यूनिट में तैनात प्रोटेक्शन ऑफिसर जॉनी नरवाल आश्रम में गए थे। वहां पर उसने एक लड़की को आई लाइक यू बोला। लड़की ने इसकी शिकायत की।
महिला थाना पुलिस ने जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारी सुजाता की शिकायत पर यूनिट में काम कर रहे प्रोटेक्शन ऑफिसर जॉनी नरवल के खिलाफ अश्लील हरकत समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीडब्ल्यूसी कमेटी के चेयरमैन नरेंद्र अत्री ने बताया कि मामला सामने आने पर लड़की की काउंसलिंग की गई। जिसके आधार पर प्रोटेक्शन ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। महिला थाना की जांच अधिकारी प्रेम कुमारी ने बताया कि जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारी ने यूनिट के प्रोटेक्शन अधिकारी के खिलाफ शिकायत दी थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।