जींद। लाठी-डंडों से पीट-पीटकर व्यक्ति की हत्या के आरोप में शहर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिसार जिला के माजरा प्याऊ निवासी सचिन और शिव कालोनी निवासी अंश के तौर पर हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। दोनों पर आर्म्स एक्ट सहित कई मामले भी पहले से दर्ज हैं।
मृतक संजीव के भाई हरीश ने शहर थाना पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उसके भाई संजीव का अभिषेक सहरावत वासी भटनागर कॉलोनी, अंशु शर्मा व सचिन रेढू निवासी माजरा प्याऊ के साथ पैसों का लेनदेन था। अभिषेक ने एक माह पहले उसके भाई को जान से मारने की धमकी भी दी थी। उसका भाई संजीव 14 मार्च शाम को बिशनपुरा गांव से स्कूटी पर दूध लेने गया था। साढ़े चार बजे उसके पास फोन कर संजीव ने बताया कि भिवानी रोड के अंडरपास के पास बाइक सवार सचिन रेढू, अंश शर्मा ने उसका रास्ता रोक कर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद वह घायल अवस्था में संजीव को अस्पताल में ले गया, जहां नागरिक अस्पताल में इलाज के दौरान संजीव की मौत हो गई। इसी रंजिश के तहत साजिश कर उक्त आरोपियों ने उसके भाई की चोटें मारकर हत्या की है। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वर्जन
जांच अधिकारी एसआई नफे सिंह ने बताया कि आरोपी सचिन और अंश को वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित पुराना बस अड्डा के नजदीक से काबू किया है। आरोपियों का अन्य जिलों में भी अपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने गहनता से पूछताछ के लिए आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।