हत्या व लूट के आरोप में जेल में बंद राजपुरा भैण निवासी विजय को नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए लाते समय दस बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर छुड़वाने का प्रयास किया। इसमें पुलिस व बदमाशों के बीच करीब 10 मिनट तक भिड़ंत हुई। बदमाशों ने पुलिस पर एक राउंड फायरिंग की। पुलिस का एक जवान निशाना चूकने के कारण गोली लगने से बच गया। इसके बावजूद पुलिस ने दो बदमाशों हिसार जिले के गांव सिसाय निवासी प्रदीप व रोहतक जिले के गांव फरमाणा निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य लोग फरार हो गए।
जेल में बंद राजपुरा भैण गांव निवासी विजय को पेटदर्द होने के चलते इलाज के लिए वीरवार को अस्पताल में लाया जा रहा था। इस दौरान पहले से ही सुनियोजित तैयारी में अस्पताल में करीब दस बदमाश उसको पुलिस से छुड़वाने के लिए पिस्तौल व मिर्ची पाउडर लेकर बैठे थे। पुलिस जिप्सी में जैसे ही आरोपी को अस्पताल लाया गया, इन लोगों ने हमला कर दिया। इसमें पुलिस ने हमला करने के आरोपी दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि आठ अन्य फरार हो गए। एसएसपी वसीम अकरम ने बताया कि फरार हुए बदमाशों की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। सभी आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर ली गई है। शीघ्र ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।