जींद में भाजपा का बैनर फाड़ता युवक।
- फोटो : अमर उजाला
लंबे समय से बेहद गापनीय तरीके से मीटिंग कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को शनिवार को मीटिंग का प्रचार करना महंगा पड़ गया। जींद में कैथल रोड स्थित भाजपा कार्यालय में जिला कार्यकारिणी की मीटिंग के दौरान किसानों ने जमकर हंगामा किया। हालांकि पहले से ही यहां पुलिस तैनात थी, लेकिन पुलिस की किसानों के आगे एक नहीं चली और किसानों ने पार्टी कार्यालय में लगा बैनर फाड़ दिया। करीब दो बजे किसान प्रदर्शन कर लौट गए। भाजपा नेताओं ने सात महीने में पहली बार मीटिंग की जानकारी सार्वजनिक की थी और इसी बार किसानों ने हंगामा कर दिया।
किसान नेता सतबीर बरसोला ने कहा कि भाजपा व जजपा के नेता किसानों को उकसाने के लिए जानबूझकर आए दिन कार्यक्रम कर रहे हैं। ऐसे में किसानों ने विरोध करने का फैसला लिया है। भाजपा कार्यालय के बाहर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई थी। करीब 11 बजे किसानों ने फैसला लिया कि वे भाजपा कार्यालय पर जाकर प्रदर्शन करेंगे। इसके चलते पुलिस व खुफिया एजेंसियां और अधिक सक्रिय हो गई।
किसानों को रोकने के लिए कैथल रोड पर नरवाना बाईपास से ही तीन नाके लगाए गए थे, लेकिन किसान इनको तोड़ते हुए कार्यालय पर पहुंच गए। इस दौरान सबसे पहले एक युवक बैनर फाड़ने के लिए ऊपर चढ़ने लगा। हालांकि पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने बैनर फाड़ दिया। इसके बाद पुलिस व किसानों के बीच धक्कामुक्की हुई। किसानों ने कहा कि भाजपा व जजपा नेताओं का विरोध जारी रहेगा।
हिसार में भी शनिवार को भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठक का किसानों ने विरोध किया। किसान गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर झंडे लेकर डटे रहे। दोपहर लगभग डेढ़ बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ जीजेयू में पहुंचे। वे यूनिवर्सिटी के एक नम्बर गेट से अंदर गए। किसानों ने उन्हें काले झंडे दिखाए। वहीं यमुनानगर में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक के विरोध में किसानों ने जमकर हंगामा किया। भाजपा के कार्यक्रम से गुस्साए किसानों ने ट्रैक्टर से बैरिकेड तोड़ दिए।