सफीदों। सफीदों पुलिस ने दो लोगों से धोखाधड़ी करके उनके खातों से 78433 रुपये निकालने पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
गांव कुरड़ निवासी सुभाष चंद्र ने कहा कि उसका बीएसएनएल कंपनी का मोबाइल नंबर बंद था। उसने यह नंबर शुरू करवाने के लिए कस्टमर केयर पर फोन किया। उस समय उसका फोन किसी ने नहीं उठाया। कुछ समय बाद उसके पास फोन आया और फोन करने वाले ने कहा कि वह उसका नंबर रिचार्ज करेगा। इसके लिए उसने एटीएम नंबर पूछा और ओटीपी भी जान लिए। उसके एक खाते से तीन हजार तथा दूसरे खाते से 39933 रुपये कट गए। इसी प्रकार गांव खरकगागर निवासी रोहताश ने कहा कि उसका बेटा सेना में कार्यरत है। उसके बेटे का एटीएम उसके पास है। चार जुलाई सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बेटे के खाते से 30 हजार तथा छह जुलाई को फिर से 5500 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दोनों अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।