Farmer Protest in Jind: हरियाणा के जींद जिले के जेजेपी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग करने के लिए हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पहुंच रहे हैं। किसान आंदोलन के दौरान जजपा व भाजपा नेताओं का विरोध लगातार जारी है, इसी को लेकर पुलिस मुस्तैद नजर आ रही है।
एक साल से जारी किसान आंदोलन के दौरान भाजपा व जजपा नेताओं का विरोध जारी है। इसी बीच उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बुधवार को जींद में कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंच रहे हैं। इसके चलते जहां किसानों ने विरोध के लिए तैयारी की है तो पुलिस भी व्यवस्था बनाने के लिए मुस्तैद है।अर्बन एस्टेट स्थित जजपा कार्यालय के बाहर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
दोपहर करीब एक बजे एसपी नरेंद्र बिजरानिया ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं जेजेपी कार्यालय के तीनों ओर पुलिस ने कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया है। वहीं जेजेपी कार्यालय के पीछे ग्रीन बेल्ट पर कंटीली तार लगाकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की है।
वहीं दुष्यंत चौटाला को अपने विधानसभा क्षेत्र उचाना कलां के दरोली खेड़ा गांव में शाम के समय शादी समारोह में शिरकत करने भी जाना है। इस पर किसानों ने विरोध का ऐलान किया है। इसको लेकर किसान बुधवार सुबह से ही दरोली खेड़ा गांव के पास जुटना शुरू हो गए। किसान नेता आजाद पालवां के अनुसार अभी तक आंदोलन चल रहा है और भाजपा व जजपा नेताओं का विरोध जारी रहेगा।
डीएसपी धर्मबीर खर्ब के अनुसार जींद में किसानों के विरोध की कोई सूचना नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन अपने स्तर पर पूरी व्यवस्था बना रहा है। इसी के चलते कंटीली तार भी लगाई गई हैं।