चरस के साथ पकड़े गए आरोपी पुलिस हिरासत में।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद के ललितखेड़ा गांव के पास से सीआईए की टीम ने शनिवार देर रात कार सवार दो युवकों को सोनीपत के घड़वाल निवासी पवन उर्फ पोन्ना व प्रदीप उर्फ टिंकू को 17.400 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया। रविवार सुबह दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस गिरोह के अन्य तस्करों के बारे में पता लगाएगी।
सीआईए इंचार्ज अनूप सिंह ने बताया कि उनकी टीम अपराधों की रोकथाम के लिए शनिवार देर सायं को बस अड्डा निडानी के पास गश्त पर थी। इस दौरान उनको सूचना मिली कि सोनीपत के घड़वाल निवासी दो युवक पवन उर्फ पोन्ना व प्रदीप उर्फ टिंकू नशीला पदार्थ बेचने का काम करते हैं, जो भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लिए हुए हैं। इस समय ललित खेड़ा बस अड्डा से करीब 200 मीटर आगे लुदाना की तरफ खड़े हैं।
सूचना पर सीआईए टीम ललित खेड़ा से थोड़ा आगे पहुंची तो स्विफ्ट गाड़ी से उतरकर दो युवक भागने की कोशिश करने लगे। चालक सीट से उतरने वाले व्यक्ति को सीआईए ने काबू कर उसका नाम पता पूछा। उसने अपना नाम प्रदीप उर्फ टिंकू व कंडक्टर सीट से उतरने वाले ने अपना नाम पवन उर्फ पूना वासी घड़वाल सोनीपत बताया। सीआईए की टीम ने मार्केटिंग बोर्ड के एसडीओ विकास गुप्ता की हाजिरी में तलाशी ली।
फिर स्विफ्ट गाड़ी की तलाशी ली तो कंडक्टर सीट के आगे पायदान पर सफेद रंग का प्लास्टिक कट्टा रखा हुआ था, जिससे 17.400 किलोग्राम चरस मिली। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से आरोपियों को छह दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
हिमाचल से लेकर आए थे चरस
पकड़े गए आरोपी शनिवार को ही हिमाचल से चरस लेकर जींद पहुंचे थे। सूचना सीआईए को मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की रडार पर अब हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी करने वाला गिरोह है। पिछले लंबे समय से हिमाचल प्रदेश से जींद में नशा सप्लाई किया जा रहा। अब तक यह गिरोह पुलिस की पकड़ से दूर। हालांकि इससे पहले भी दो नशा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं, जो हिमाचल से नशीले पदार्थ लाकर जींद में सप्लाई करने की फिराक में थे।