शहर के रामराये गेट पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। इसमें डेढ़ वर्षीय बच्चे को ट्रैक्टर कुचल दिया और उसकी मौत हो गई। जबकि परिवार के तीन सदस्य हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार कैथल जिले के गांव शिमला निवासी रणबीर सिंह रविवार में परिवार के लोगों को बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह रामराये गेट पर पहुंचा तो पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गया।
इस दौरान पीछे बाइक पर रणबीर की पत्नी नवीन के हाथों से डेढ़ वर्षीय बेटा समर सड़क पर गिर गया और उसे ट्रैक्टर कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसा होते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और बच्चे को अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जबकि बाइक पर बैठे रणबीर, उसकी पत्नी नवीन, मां मूर्ति देवी बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक बालक के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।