पुलिस अधीक्षक से धोखाधड़ी की शिकायत करने आईं महिलाएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद में बीपीएल कार्ड धारकों को विभिन्न योजनाओं में ऋण दिलाने के नाम पर दो गांवों की 20 महिलाओं से 9.58 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले में उचाना कलां और छातर गांव की बीस महिलाओं ने बरसोला निवासी एक युवक व छात्तर निवासी एक महिला पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उनका कहना है कि क्षेत्र के कई गांवों में हजारों लोगों के साथ ठगी की गई है। एसपी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एसपी से मिलने पहुंची सोनिका, विद्या, निर्मला, गुडी, सुनीता, दर्शना, अनिता व कृष्णा ने बताया कि उनके बीपीएल कार्ड हैं। इसमें उनके पास बरसोला निवासी एक युवक व छातर निवासी महिला आई और उन्होंने बीपीएल कार्ड पर 2.5 लाख रुपये का लोन दिलवाने का लालच दिया।
इसमें महिला ने लोन की राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा उसको देने की बात कही। इसके लिए लोन पास करवाने के लिए पहले सभी महिलाओं से 30-30 हजार रुपये लिए गए। इसके अलावा इन दोनों ने ही खादी बोर्ड से 25 लाख रुपये दिलवाने का भी ऑफर दिया।
इसके लिए महिलाओं से किसी से 55 तो किसी से 65 हजार रुपये लोन राशि पास करवाने के लिए पहले लिए गए। इस तरह वे दोनों उनको एक वर्ष तक लोन पास होने की प्रक्रिया में देरी होने का झांसा देते रहे। बाद में न तो लोन करवाया और न ही पैसे वापस किया। पैसे मांगने पर धमकी दी गई। एसपी नरेंद्र बिजराणियां ने दोनों आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पाई-पाई जोड़कर एकत्रित किये थे रुपये
महिलाओं ने कहा कि वे सभी दिहाड़ी-मजदूरी कती हैं। उन्हें पहले भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। ऐसे में उन्हें लालच दिया गया कि लोन की राशि जल्द मिल जाएगी। इसके लिए पहले ही 30 हजार रुपये से लेकर 65 हजार रुपये तक ले लिए। इसके बाद लोन मिलने पर आधी राशि देने की बात हुई। इस पर उन्होंने पाई-पाई जोड़कर एकत्रित किया गया पैसा आरोपियों को दे दिया। कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्होंने दूसरों से उधार लेकर पैसा दिया था।