प्रॉपर्टी डीलर के घर पहुंचे बदमाश।
- फोटो : संवाद
हरियाणा में बदमाशों के हौसले बुलंद है। बदमाश आए दिन किसी के भी घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी की मांग कर रहे हैं। हरियाणा के जींद में भी ऐसी घटना हुई है। जींद शहर के श्याम नगर के एक घर में घुसकर बदमाश पुनीत उर्फ कड़वा ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी। आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर कहा कि यदि राशि नहीं दी तो पूरे परिवार को जान से मार दूंगा। बदमाश पुनीत उर्फ कड़वा पर हत्या, लूट, फिरौती के 17 मामले पहले से दर्ज है। पुनीत कड़वा काफी समय तक जेल में बंद रहा है, लेकिन अब वह जमानत पर बाहर आया हुआ था। पुलिस ने आरोपी पुनीत कड़वा के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है।
दालमवाला हाल आबाद श्याम नगर निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। 20 मार्च की रात को साढ़े दस बजे के करीब उसके गांव का ही पुनीत उर्फ कड़वा उसके घर आया। उसके साथ पांच-सात युवक थे। आरोपी ने खुद को पुनीत कड़वा बताते हुए उसे पिस्तोल दिखाई और 20 लाख की रंगधारी मांगी। आरोपी ने कहा कि दो दिन में 20 लाख रुपये दे दो नहीं तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार दूंगा। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ चला गया। कड़वा के पास पिस्तोल और दूसरे युवकों के हाथ में डंडे थे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे और उसके परिवार को कड़वा से जान-माल का खतरा बना हुआ है। शिकायतकर्ता विकास ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पुनीत उर्फ कड़वा पर भिवानी, दादरी, रोहतक, हांसी, जींद में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, आईटी एक्ट के मारपीट के 17 मामले दर्ज हैं। वह काफी समय तक जेल में बंद रहा है, लेकिन अब वह जमानत पर बाहर आया हुआ था।
क्या कहती है पुलिस
जांच अधिकारी एएसआई सरमजीत सिंह का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी पुनीत उर्फ कड़वा को नामजद कर अन्य के खिलाफ रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देन के आरोप में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।