शहर के बस स्टैंड के पास स्थित हड्डियों के निजी अस्पताल में हाथ के ऑपरेशन के दौरान तीन वर्षीय बच्ची की तबियत बिगड़ गई। बाद में बच्ची की मौत हो गई। पता चलते ही परिजन अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर डीएसपी कप्तान सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। बाद में पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह होगा।
जानकारी के अनुसार, जाखल पंजाब निवासी संदीप अपनी बेटी पूनम को साथ लेकर शिव चौक के निकट रिश्तेदारी में शादी समारोह में आया हुआ था। जहां उसकी बेटी पूनम का गिरने से हाथ टूट गया। परिजनों ने उसे बस स्टैंड के सामने स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां चिकित्सकों ने हाथ की हड्डी के ऑपरेशन की बात कही। इसके बाद वे बच्ची को ऑपरेशन थियेटर में ले गए। थोड़ी देर बाद ही वे बच्ची को बाहर लेकर आए और गाड़ी से दूसरे निजी अस्पताल में ले गए। वहां उन्हें बच्ची की तबियत बिगड़ने की बात कही, जिसके थोड़ी देर बाद ही बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाए कि पूनम की मौत अस्पताल के चिकित्सकों की लापरवाही के कारण हुई है। इसलिए अस्पताल के चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।