दिन-दहाड़े पोली गांव में एक महिला दुकानदार को बंधक बनाकर जेवरात व नकदी लूटने का मामला प्रकाश में आया है। लुटेरा घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी हासिल की।
पोली गांव निवासी प्रीति गांव में ही किरयाणा की दुकान चलाती है। बृहस्पतिवार को प्रीति दुकान में बैठी हुई थी। अचानक एक व्यक्ति उसकी दुकान में घुस आया और उस व्यक्ति ने महिला दुकानदार प्रीति के मुंह पर कपड़ा डालकर उसके हाथ-पांव बांध दिए। इसके बाद प्रीति के हाथ से सोने की अंगूठी, कान के बाले व दुकान में रखी 17 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। इसी दौरान दुकानदार प्रीति की सास दुकान पर पहुंची तो उसने देखा कि प्रीति के हाथ-पांव बंधे हुए थे और उसके मुंह पर कपड़े बांधा हुआ था। प्रीति की सास ने उसे छुड़ाकर मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर डीएसपी वीरेंद्र सिंह व जुलाना थाना प्रभारी जांच के लिए घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन नहीं उठाने पर दुकान पर पहुंची थी प्रीति की सास
जिस समय लुटेरे द्वारा प्रीति को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया उसी दौरान प्रीति के परिजनों ने किसी काम से प्रीति के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन प्रीति के हाथ-पैर बंधे होने के कारण प्रीति फोन नहीं उठा पाई। प्रीति के फोन नहीं उठाए जाने पर उसकी सास उसे देखने के लिए दुकान पर पहुंची।
जुलाना में बढ़ रहा अपराध का ग्राफ
दो दिन पहले भी लजवाना कलां गांव से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने शराब ठेके के कारिंदों से 14 हजार रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए थे। करीब एक सप्ताह पहले भी लजवाना खुर्द गांव में स्थित पेट्रोल पंप से मोटरसाइकिल पर सवार लुटेरे सेल्समैन से रुपये लूट कर फरार हो गए थे।