हरियाणा के जींद में रिश्तों का कत्ल हुआ है। जींद के गांव किशनपुरा में देवर ने भाभी को मौत के घाट उतार दिया। हत्या मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने रंजिश के चलते भाभी की हत्या की थी। किशनपुरा गांव में आरोपी देवर ने अपनी भाभी की हत्या इसलिए की थी क्योंकि वह उसकी पत्नी के साथ झगड़ा करती थी। इसी रंजिश में आरोपी ने अपनी भाभी की सरेआम छाती में चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में यह खुलासा किया है। पुलिस उसे शनिवार को अदालत में पेश करेगी। वहीं पुलिस ने नागरिक अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
किशनपुरा गांव निवासी 43 वर्षीय सुनीता वीरवार शाम को छोटे देवर सुखदेव के घर जा रही थी। जब वह अपने मकान से कुछ दूरी पर पहुंची तो शराब के नशे मे धुत्त आरोपी देवर हुकमचंद ने उसका रास्ता रोक लिया। फिर उसकी छाती में चाकू घोंप दिया। इससे सुनीता वहीं गिर गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन तुरंत उसे गंभीर हालात में नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया।
मृतका सुनीता के बेटे रोहित ने बताया कि उसकी मां अपनी बहन नीलम से मिलने के लिए उसके चाचा सुखदेव के घर जा रही थी। उसका चाचा हुकमचंद शराब के नशे मे चौक पर खड़ा था। जब उसकी मां चौक से गुजर रही थी उसी दौरान हुकमचंद ने उसकी मां के सीने मे चाकू घोंप दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी हुकमचंद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
क्या कहती है पुलिस
सीआरएसयू पुलिस चौकी प्रभारी सुलतान सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपी हुकमचंद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पत्नी के साथ उसकी भाभी अक्सर झगड़ा करती थी। इसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।