हरियाणा के जींद जिले के गांव किनाना के पास बुधवार शाम को एक टैंकर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया तथा अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव किनाना निवासी ईश्वर सिंह ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 30 वर्षीय बेटा रामचंद्र उर्फ सोनू तथा उसकी पत्नी कविता गांव किनान के पास एक फैक्टरी में काम करते हैं। बुधवार शाम को रामचंद्र की पत्नी कविता पहले ही घर आ गई। देर शाम को रामचंद्र काम निपटाकर बाइक पर घर आ रहा था। जब वह फैक्टरी से कुछ दूर गांव के पास पहुंचा तो पीछे से एक तेज रफ्तार टैंकर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
इसमें रामचंद्र सड़क पर ही गिर गया। टैंकर इतनी तेज रफ्तार में था कि जब तक चालक ने उसे रोकना चाहा, वह रामचंद्र के ऊपर से गुजर चुका था। इसके बाद टैंकर चालक मौके से टैंकर समेत फरार हो गया।
सदर थाना प्रभारी मनीष सहारण ने बताया कि सूचना मिलने के बाद रात को ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया था। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया तथा मृतक के पिता ईश्वर की शिकायत पर अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।