12वीं कक्षा की परीक्षा देने गई छात्रा लापता
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। नरवाना सदर थाना के अंतर्गत आने वाली एक कॉलोनी निवासी 12वीं कक्षा का पेपर देने गई 17 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुलिस ने छात्रा की मां की शिकायत पर एक युवक को नामजद कर एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 12वीं कक्षा में पढ़ती है। शनिवार को उसकी बेटी 12वीं कक्षा का पेपर देने के लिए शहर के एक सरकारी स्कूल में गई थी। पेपर देने के बाद उसकी बेटी वापस नहीं लौटी। महिला ने कहा कि उसने आसपास, रिश्तेदारों व स्कूल में पता किया लेकिन उसकी बेटी का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसे शक है कि उसकी बेटी का गांव के ही एक युवक दिनेश व एक अन्य युवक ने अपहरण करके अज्ञात स्थान पर बंधक बनाया हुआ है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर दिनेश को नामजद कर एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।