एएसआई को 50 रुपये रिश्वत लेना पड़ा महंगा
जींद। शहर में राइडर पर तैनात एएसआई द्वारा कार चालक से 50 रुपये रिश्वत लेना महंगा पड़ गया। कार चालक ने एएसआई को उस समय तो रिश्वत दे दी, लेकिन बाद में उसने इसकी शिकायत एसएसपी कार्यालय में कर दी। इसके बाद मामले की जांच के बाद एएसआई को एसएसपी डॉ. अरुण सिंह ने सस्पेंड कर दिया। एसएसपी कार्यालय में एक व्यक्ति ने दी शिकायत में बताया कि शनिवार शाम को वह गोहाना बाईपास की तरफ गया हुआ था। इसी दौरान पुलिस राइडर पर तैनात एएसआई जोगेंद्र सिंह ने उसकी गाड़ी को रुकवा लिया और चालान काटने की धमकी देते हुए 50 रुपये की रिश्वत मांगी। उस समय तो व्यक्ति ने उसको 50 रुपये की रिश्वत दे दी। बाद में इसकी शिकायत एसएसपी डॉ. अरुण सिंह को दी गई। एसएसपी ने रिश्वत का मामला संज्ञान में आते ही उसको गंभीरता से लिया और इसकी जांच करने के आदेश दिए। जांच करने के बाद एएसआई जोगेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया।
डीएसपी कप्तान सिंह ने बताया कि एएसआई जोगेंद्र सिंह पर 50 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे। रिश्वत मांगने के आरोप में एएसआई जोगेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया है।