गतौली गांव के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। जींद-रोहतक मार्ग पर गतौली गांव में जलघर के पास ट्रक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। खेड़ा बख्ता गांव का रहने वाला 20 वर्षीय आशू अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर जींद की तरफ जा रहा था। जब वह जींद-रोहतक मार्ग पर गतौली गांव में जलघर के पास पहुंचा तो एक ट्रक ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस टक्कर में आशू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने से पहले की युवक की मौत हो गई।
ब्राह्मणवास गांव में टकराईं दो बाइक्स, तीन युवक घायल
इसी तरह ब्राह्मणवास गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर में तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया। युवकों की हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शादीपुर गांव का धर्मवीर व साला डूमरखा निवासी नवीन मोटरसाइकिल पर सवार होकर जींद-रोहतक मार्ग से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे। जब वह ब्राह्मणवास गांव के पास पहुंचे तो ब्राह्मणवास निवासी सोमबीर की मोटरसाइकिल से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। राहगीरों ने घायलों को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने तीनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।