खटकड़ के पास शराब से भरी गाड़ी पकड़ी, दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव खटकड़ के पास से पुलिस ने एक शराब से भरी गाड़ी पकड़ी है। गाड़ी से 59 पेटी देसी शराब और चार पेटी बीयर मिली है। गाड़ी सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी सीआईए जींद की टीम ने 300 पेटी देसी शराब पकड़ी थी। पुलिस ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए शराब तस्करों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
उचाना थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक गाड़ी में शराब भरकर उचाना की तरफ आ रही है। पुलिस ने गांव खटकड़ के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान महेंद्रा इम्पोरियो चालक ने अपनी गाड़ी को नाके से पार करने की कोशिश की। पुलिस ने गाड़ी का पीछा करते हुए कुछ ही दूरी पर उसे काबू कर लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 59 पेटी देसी शराब और चार पेटी बीयर मिली। पुलिस ने गाड़ी सवार दो युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान गांव सिंधवी खेड़ा निवासी 24 वर्षीय अमित व हाट निवासी 52 वर्षीय कुलदीप के रूप में करवाई। पुलिस के अनुसार दोनों खटकड़ गांव के पास अवैध रूप से शराब ठेका चलाते थे। जांच अधिकारी एएसआई जयवीर सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। उनसे यह पता करने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या चुनाव के मद्देनजर शराब तो नहीं लाई जा रही थी।
चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े हैं प्रबंध
एसएसपी अश्विनी शैणवी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हुए हैं। सभी वाहनों की जांच की जा रही है। किसी वाहन के बारे में कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के पास कोई जानकारी हो तो वह पुलिस कंट्रोल रूम में दे। उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।