जींद। शहर थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके बेटे का दाखिला कराने के नाम पर उससे 70 हजार रुपये ठग लेने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में लोको प्राइवेट कॉलोनी निवासी आशा रानी ने बताया कि उसके बेटे तुषार ने 2018 में 12वीं पास करके बीसीए में दाखिला लेना था। उसके बेटे की मुलाकात भटनागर कॉलोनी निवासी अभिषेक और उसके भाई अश्विनी से हुई। दोनों ने उसके बेटे तुषार का दाखिला दिल्ली के एक कॉलेज में करवाने की बात कही। इसके बाद वह दोनों उसके बेटे तुषार को लेकर दिल्ली गए लेकिन वहां दाखिल नहीं हुआ। अभिषेक ने कहा कि उसकी चंडीगढ़ में जान पहचान है इसलिए वह उसे चंडीगढ़ में दाखिला दिला देगा। अश्विनी ने तुषार से 70 हजार रुपये और दस्तावेज ले लिये और कहा कि उसका चंडीगढ़ में दाखिला हो गया है। इसके बाद तुषार कॉलेज जाने लगा लेकिन वहां के लोग उसे बार-बार फीस देने की बात कहने लगे। जब तुषार ने अश्विनी से कहा कि उसने फीस के 70 हजार रुपये दिये वह कॉलेज में क्यों नहीं जमा करवाए। इसके बाद अश्विनी ने जल्द फीस जमा करवाने की बात कही लेकिन रुये जमा नहीं करवाए। महिला ने कहा कि इस बारे में दो-तीन बार पंचायत हुई जिसमें दोनों ने रुपये देने की बात कही लेकिन नहीं दिये। पुलिस ने अब आशा रानी की शिकायत पर अभिषेक व अश्विनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।