कोरोना वायरस के डबल म्यूटेशन ने अब स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि जींद में ऐसा कोई केस सामने नहीं है, फिर लोगों को दिवाली तक अधिक सावधान रहने की जरूरत है। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि जिले में इस समय एक संक्रमित मामला है, जो मंगलवार को ही आया है। अब तक जिले के 21209 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 20672 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 536 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
इस समय जिले में एक एक्टिव केस बचा है। एसएमओ डॉ. गोपाल गोयल ने कहा कि लोगों को दिवाली तक अधिक सावधान रहने की की जरूरत है। भीड़भाड़ वाले स्थान से लोगों को बचना चाहिए। कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। यदि नवंबर महीने में अधिक केस नहीं आए तो फिर तीसरी लहर का खतरा टल सकता है। उन्होंने कहा कि हमें इस समय मास्क जरूर लगाना चाहिए। मास्क ही कोरोना से हमें बचाए रख सकता है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने 621 लोगों के सैंपल लिए। अब तक स्वास्थ्य विभाग 3,58,214 लोगों के सैंपल ले चुका है।