: कोरोना जांच के लिए सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : Jind
जिले में दूसरे दिन कोरोना संक्रमण के मामलों में लगभग आधा प्रतिशत से ज्यादा कमी आई है। शुक्रवार को संक्रमण की दर 2.46 प्रतिशत रही जबकि शनिवार को यह 1.87 प्रतिशत दर्ज की गई। इससे साफ है कि लोग सावधानी बरतने लगे हैं। यदि लगातार लोग सावधानी बरतेंगे तो कोरोना संक्रमण पर काबू पाया जा सकता है। इसके लिए वैक्सीन लगवाने के साथ मास्क और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना होगा। जिले में अब एक्टिव केस बढ़कर 99 हो गए हैं। यह मामले केवल 10 दिन में ही आए हैं। प्रतिदिन औसतन नौ मरीज सामने आए हैं।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को 1441 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से 27 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें सफीदों निवासी एक नौ वर्षीय बच्चा, जींद के एक ही परिवार के तीन लोग, नरवाना के एक ही परिवार के तीन लोग, बडनपुर निवासी 37 वर्षीय महिला, दरोली खेड़ा निवासी 32 वर्षीय युवक, इम्पलाइज कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय बच्ची, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस का एक कर्मचारी शामिल हैं। डॉ. कटारिया ने बताया कि अब तक जिले के 21317 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 20682 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 536 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। नागरिक अस्पताल में फिलहाल एक मरीज दाखिल है। इस समय जिले में 99 एक्टिव मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को 677 लोगों के सैंपल लिए हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग 416035 लोगों के सैंपल ले चुका है।