कोरोना जांच के लिए लोगों के सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन एक 68 वर्षीय महिला की मौत हो गई। संक्रमण की तीसरी लहर के दौरान अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। विजय नगर निवासी यह महिला पहले ही हाई ब्ल्डप्रेशर से पीड़ित थी। वीरवार व शुक्रवार को तो कोरोना संक्रमण ने दोहरा शतक पार किया है। शुक्रवार को जिले के 228 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमण प्रतिदिन 22 प्रतिशत की वृद्धि से बढ़ता जा रहा है। वहीं ठीक होने वालों की संख्या में भी लगातार बढ़ौतरी हो रही है। एक सप्ताह में 1105 लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 536 ठीक भी हो रहे हैं।
कोरोना संक्रमण बढ़ने का सबसे मुख्य कारण लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही है। इस समय कोरोना संक्रमण को लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसका मुख्य कारण यह भी मौतें न होने से लोग इसे कम आंक रहे हैं। लोग अस्पतालों में दाखिल नहीं हो रहे हैं और न ही लोगों को सांस लेने में कोई परेशानी हो रही है। जो लोग पहले से ही किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, उनको तो परेशानी हो रही है। अस्पतालों में बेड पूरी तरह से खाली हैं। इसलिए लोग लापरवाही अधिक बरत रहे हैं। लापरवाही के कारण ही संक्रमण की रफ्तार काफी अधिक है। वहीं दूसरी तरफ इस बार संक्रमण के फैलने की भी गति काफी तीव्र है। एक संक्रमित व्यक्ति तीन से चार लोगों को संक्रमित कर देता है। इसके बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। जब तक लोग संभल नहीं जाएंगे, तब तक संक्रमण की गति को कम नहीं किया जा सकता।